रायपुर। प्रदेश युवा कांग्रेस चुनाव के बीच कांग्रेस की अंदरूनी सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भूपेश बघेल कैंप से जुड़े माने जाने वाले सत्येंद्र चेलक के करीबी पलाश मल्होत्रा को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। पलाश मल्होत्रा युवा कांग्रेस चुनाव में सत्येंद्र चेलक के चुनाव संचालक की भूमिका निभा रहे थे।
पलाश मल्होत्रा वर्तमान में प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव पद के दावेदार हैं। इससे पहले वे रायपुर उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। चुनावी मैदान में उनकी सक्रियता और सत्येंद्र चेलक के साथ नजदीकी के चलते इस गिरफ्तारी का राजनीतिक असर भी देखा जा रहा है।
गिरफ्तारी से दावेदारी पर संकट
पलाश मल्होत्रा की गिरफ्तारी के बाद अब उनकी महासचिव पद की दावेदारी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार, युवा कांग्रेस संगठन इस मामले में बड़ी संगठनात्मक कार्रवाई कर सकता है। यदि कार्रवाई होती है तो इसका सीधा असर उनके चुनावी भविष्य पर पड़ सकता है।

भूपेश कैंप के लिए बढ़ी मुश्किलें?
सत्येंद्र चेलक को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कैंप से जुड़ा हुआ माना जाता है। ऐसे में उनके करीबी और चुनाव संचालक पलाश मल्होत्रा की गिरफ्तारी को भूपेश कैंप के लिए भी सियासी झटके के तौर पर देखा जा रहा है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब प्रदेश युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर संगठन के भीतर खेमेबाजी और राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। इससे पहले पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने सत्येंद्र चेलक पर रेत माफिया होने का आरोप लगाते हुए उनकी दावेदारी का खुलकर विरोध किया था।
अब चेलक के करीबी की गिरफ्तारी के बाद युवा कांग्रेस चुनाव की सियासत और गरमा गई है। आने वाले दिनों में संगठन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।







