CGPSC का स्पष्टीकरण: 795 नहीं, 608 अभ्यर्थी ही इंटरव्यू के लिए क्यों हुए चयनित?

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 में साक्षात्कार के लिए 795 के बजाय 608 अभ्यर्थियों के चिन्हांकन को लेकर उठ रहे सवालों पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने स्पष्टीकरण जारी किया है। आयोग ने कहा है कि निर्धारित अर्हकारी अंक प्राप्त नहीं करने के कारण साक्षात्कार के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों की संख्या कम हुई है। आयोग के मुताबिक पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुरूप की गई है।

CGPSC ने बताया कि राज्य सेवा परीक्षा-2025 के विज्ञापन की कंडिका 3(iv) और आयोग की प्रक्रिया नियमावली की कंडिका 7 के अनुसार प्रत्येक प्रश्न-पत्र में अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 33 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 23 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। निर्धारित अर्हकारी अंक नहीं मिलने की स्थिति में वांछित संख्या में अभ्यर्थियों का चिन्हांकन संभव नहीं होता। इसी वजह से इस बार 795 के स्थान पर 608 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए चिन्हांकित किए गए हैं।

पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना का प्रावधान नहीं

आयोग ने स्पष्ट किया कि CGPSC द्वारा आयोजित परीक्षाओं में पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना का प्रावधान नहीं है। विज्ञापन की कंडिका 11(V) के तहत किसी भी प्रश्न-पत्र का दोबारा मूल्यांकन या अंकों की पुनर्गणना नहीं की जा सकती।

आयोग ने यह भी कहा कि मुख्य परीक्षा की मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, गोपनीय और पहचान रहित तरीके से की जाती है। मुख्य परीक्षा में प्रश्नवार मूल्यांकन किया जाता है, जिसमें उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान मूल्यांकनकर्ताओं से पूरी तरह छिपी रहती है। प्रत्येक अभ्यर्थी की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में बड़ी संख्या में विषय विशेषज्ञ शामिल होते हैं।

RTI से देख सकेंगे OMR और उत्तर पुस्तिका

CGPSC के अनुसार परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के प्राप्तांकों की मेरिट सूची तथा मुख्य परीक्षा की कटऑफ आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा अभ्यर्थी सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) के तहत अपनी प्रारंभिक परीक्षा की OMR उत्तर पत्रक और मुख्य परीक्षा की प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका की प्रति प्राप्त कर सकते हैं।

आयोग ने सोशल मीडिया पर चल रही पुनर्मूल्यांकन की मांग और कथित त्रुटिपूर्ण चिन्हांकन से जुड़ी चर्चाओं पर अभ्यर्थियों से सावधानी बरतने की अपील की है। CGPSC ने कहा कि राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 में साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों का चिन्हांकन पूरी तरह निर्धारित नियमों और निर्देशों के अनुरूप किया गया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment