रायपुर।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर परिवहन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सम्मानित किया गया। यह सम्मान राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए किए गए प्रभावी कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
समारोह में परियोजना कार्यान्वयन इकाई (PIU) बिलासपुर के परियोजना निदेशक श्री मुकेश कुमार एवं PIU अभनपुर के प्रबंधक श्री प्रखर अग्रवाल को उनके संबंधित क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा सम्मानित किया गया।
NHAI द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कई ठोस पहल की जा रही हैं। इनमें दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की पहचान और उनका सुधार, आधुनिक साइन बोर्ड और रोड मार्किंग, क्रैश बैरियर की स्थापना, गति नियंत्रण उपाय, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग, सर्विस रोड का निर्माण और पर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग शामिल है। साथ ही, भारतीय सड़क कांग्रेस (IRC) के मानकों के अनुरूप इंजीनियरिंग सुधार भी किए जा रहे हैं।
इसके अलावा, NHAI जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक कर रहा है। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने, सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण देने तथा आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

NHAI का लक्ष्य केवल मजबूत और गुणवत्तापूर्ण सड़कें बनाना नहीं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा का अनुभव प्रदान करना है। इस उद्देश्य को लेकर प्राधिकरण केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से निरंतर कार्य कर रहा है।







