छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक फिर तेज़: रायपुर समेत 28 जिलों में अलर्ट, बिजली गिरने से 6 की मौत, 15 अक्टूबर के बाद लौट सकता है मानसून

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ़्तार पकड़ ली है। प्रदेश के लगभग सभी संभागों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में रातभर झमाझम बारिश हुई, जिससे जनजीवन पर असर पड़ा है। शुक्रवार सुबह से ही रुक-रुक कर बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक राज्य में वर्षा का दौर जारी रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में मध्यम से लेकर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक वर्षा पखांजूर में 60 मिमी दर्ज की गई। वहीं, राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री पेंड्रारोड में रिकॉर्ड किया गया है।

राज्य के रायगढ़ और गरियाबंद जिलों से बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें 6 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को खुले इलाकों में न जाने की सलाह दी है।

आज (शुक्रवार) मौसम विभाग ने कोरिया, मुंगेली और बलौदाबाजार जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, बालोद, दुर्ग, सरगुजा, बस्तर, धमतरी, रायगढ़ समेत 25 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं के चलने और बिजली गिरने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 15 अक्टूबर के बाद मानसून विदा हो सकता है। फिलहाल राज्य में बारिश का यह दौर किसानों के लिए राहत लेकर आया है, जिससे खरीफ फसलों को नमी मिलेगी, लेकिन लगातार बारिश से कुछ निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिल सकती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment