छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को राहत देते हुए धान खरीदी पंजीयन की अंतिम तिथि को बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए अब किसान 30 नवंबर 2025 तक अपना पंजीयन ‘एकीकृत किसान (एग्रीस्टैक) पोर्टल’ पर आसानी से कर सकेंगे।
पहले निर्धारित समय सीमा खत्म होने से पहले ही किसानों की मांग और ग्रामीण इलाकों में त्योहारी व्यस्तता को देखते हुए सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
नए आदेश के तहत सभी समितियों को 30 नवंबर तक पोर्टल लॉगिन की सुविधा जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवधि में किसान नया पंजीयन, कैरीफॉरवर्ड, फसल परिवर्तन, और रकबा संशोधन जैसी सभी प्रक्रियाएँ बिना किसी परेशानी के पूरी कर पाएंगे।
खाद्य विभाग ने समिति संचालकों और अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी किसान की पंजीयन प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र किसान धान खरीदी से वंचित न रह जाए।
सरकारी अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों और खेती-बाड़ी के काम की वजह से कई किसान समय पर पंजीयन नहीं करा सके थे। इसलिए अंतिम तारीख बढ़ाना किसानों के हित में जरूरी था।
किसानों की सुविधा के लिए दो टोल-फ्री नंबर भी जारी किए गए हैं:
एग्रीस्टैक हेल्पडेस्क: 1800-233-1030
खाद्य विभाग टोल फ्री: 1800-233-3663



