24 दिन बाद भी FIR नहीं! हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर खरगे का नड्डा को पत्र

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी में हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद को लेकर राज्यसभा के सदन के नेता जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। खरगे ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह हैरानी की बात है कि घटना के 24 दिन बाद भी अब तक FIR दर्ज नहीं हुई है।

खरगे ने अपने पत्र में कहा कि शुद्धिकरण का मामला केवल उनके या कांग्रेस अध्यक्ष के पद से जुड़ा मुद्दा नहीं है, बल्कि यह करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने जेपी नड्डा से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को निर्देश देने की मांग की कि हल्द्वानी की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाए।

13 अगस्त को राज्यसभा में उठाया था मामला

खरगे ने पत्र में कहा कि 13 अगस्त 2026 को उन्होंने राज्यसभा में हल्द्वानी में हुई घटना का मुद्दा उठाया था। उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी में उनकी जनसभा के बाद मंच का कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ किया गया था।

खरगे के मुताबिक, उनके बयान के बाद जेपी नड्डा ने सदन में घटना को दुखद बताया था और कहा था कि मामले की जांच कराई जाएगी। नड्डा ने यह भी कहा था कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

खरगे ने कहा कि इसके बावजूद घटना को 24 दिन बीत चुके हैं और अभी तक संबंधित संगठन या लोगों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने इसे लेकर नड्डा से कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 8 अगस्त 2026 को उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा हुई थी। कांग्रेस का आरोप है कि इसके दो दिन बाद यानी 10 अगस्त को उस मंच का ‘शुद्धिकरण’ किया गया।

राहुल गांधी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया था कि खरगे की रैली के बाद बीजेपी-आरएसएस से जुड़े लोगों ने मंच का शुद्धिकरण किया।

कांग्रेस नेताओं ने इसे दलित समुदाय के अपमान और छुआछूत से जुड़ा मामला बताया और दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। वहीं, शुद्धिकरण करने वाले संगठन और स्थानीय लोगों ने इस घटना को जातिगत भेदभाव से जोड़ने के आरोपों को खारिज किया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment