मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) को तीन हिस्सों में बांटने और इसके नाम से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम हटाए जाने के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
कमलनाथ ने कहा कि RGPV को तीन हिस्सों में बांटकर विश्वविद्यालय के नाम से स्वर्गीय राजीव गांधी का नाम हटाना भाजपा सरकार की ओछी मानसिकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पूरा देश इस बात का गवाह है कि राजीव गांधी के कार्यकाल में भारत ने आधुनिक तकनीक की दुनिया में कदम बढ़ाया था।
उन्होंने दावा किया कि सूचना क्रांति और कंप्यूटर युग की शुरुआत में राजीव गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार खुद कोई नया काम नहीं कर पा रही है और कांग्रेस शासनकाल में किए गए कार्यों की केवल नाम पट्टिकाएं बदलने में लगी है।
कमलनाथ ने सरकार से मांग की कि विश्वविद्यालय के नाम से राजीव गांधी का नाम नहीं हटाया जाए। उन्होंने कहा कि नाम बदलने से इतिहास नहीं बदला जा सकता। साथ ही उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि हर अच्छे और बुरे काम का हिसाब होता है और आने वाले समय में इसका जवाब दिया जाएगा।





