चित्रकूट में बाढ़ का कहर! उफनती मंदाकिनी ने मचाई तबाही

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

भोपाल।मध्य प्रदेश के सतना जिले और चित्रकूट में लगातार हो रही तेज बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मंदाकिनी नदी करीब 30 फीट ऊंचे जलस्तर पर बह रही है। गोरगी बांध टूटने के बाद कई इलाकों में पानी घुस गया है। वहीं, चित्रकूट के रामघाट का करीब 300 मीटर लंबा पुल भी पानी के तेज बहाव में बह गया। घाट के किनारे बनी कई दुकानें भी पानी में डूब गईं।

कई इलाकों में घुसा पानी

नागौद, बिरसिंहपुर, मझगवां और सतना के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं। बिरसिंहपुर के कई मोहल्लों में कमर तक पानी भर गया है। घरों में पानी घुसने से लोगों का सामान खराब हो गया, जबकि कई वाहन भी पानी में डूब गए।

नागौद थाने और सिंहपुर चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप तक पानी पहुंच गया। कोतवाली चौक से कलेक्ट्रेट जाने वाली सड़क पर भी कमर तक पानी भर गया, जिसके चलते रास्ते को बंद कर दिया गया है।

कोटर, कोठी समेत दूसरे निचले इलाकों में भी हालात चिंताजनक हैं। कोठी क्षेत्र में एक कच्चा मकान गिरने से दो मवेशियों की मौत हो गई। चित्रकूट में सती अनुसुइया आश्रम समेत कई धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले रास्ते भी बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से घाट और निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। छतों पर फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

रेल सेवा पर भी बारिश और जलभराव का असर पड़ा है। चित्रकूट के पास रेल पटरियों पर पानी भरने के कारण दो ट्रेनें खड़ी हो गईं। सिग्नल ग्रीन होने के बावजूद ट्रेनों को आगे नहीं बढ़ाया गया। मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर भी जलभराव से परेशानी सामने आई है।

अगले पांच दिन बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण और मानसून ट्रफ लाइन के असर से रीवा संभाग में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। निचले और जलभराव वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी गई है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment