बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ओखर गांव से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां संचालित गौशाला में 23 गायों की मौत होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने गौशाला में चारा और पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया है।
ओखर गांव की इस गौशाला का संचालन वासुदेव सेवा समिति द्वारा किया जाता है। बड़ी संख्या में गायों की मौत की सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में गायों की उचित देखभाल नहीं की जा रही थी। चारा-पानी की कमी के कारण गायों की हालत बिगड़ी और उनकी मौत हुई। हालांकि, गायों की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति या संस्था के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
एक साथ 23 गायों की मौत की घटना ने गौशाला में पशुओं की देखरेख और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर खासा गुस्सा है और वे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।







