भिलाई।भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में लोहा चोरी और अवैध वसूली को लेकर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने बड़ा दावा किया है। विधायक ने आरोप लगाया है कि भिलाई इस्पात संयंत्र से पिछले करीब 40 सालों से लगातार लोहा चोरी हो रही है और इससे मिलने वाला पैसा कई बड़े अधिकारियों और नेताओं तक पहुंचता है।
रिकेश सेन ने अपने फेसबुक पेज पर दावा किया कि भिलाई स्टील प्लांट की ट्रांसपोर्ट यूनियन गाड़ियों से लाखों रुपये की वसूली करती है। उनके मुताबिक, यह पैसा 4 IPS, 3 IAS और 12 नेताओं के बीच बांटा जाता है।
विधायक ने अपनी एक अन्य पोस्ट में आरोप लगाया कि ट्रांसपोर्ट यूनियन सबकी आंखों के सामने अवैध वसूली कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भिलाई इस्पात संयंत्र से होने वाली इस वसूली के पैसे का इस्तेमाल भाजपा को चुनाव में हराने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भिलाई नगर निगम चुनाव में भाजपा को हराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं और इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ के बड़े पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।
रिकेश सेन ने कहा कि वह इस पूरे मामले की जानकारी CBI को देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि लोहा चोरी के मामले में बड़े पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं और अब अधिकारी CBI की जांच को रोकने के लिए अपने संबंध तलाशने में जुटे हैं।
विधायक ने यह भी दावा किया कि कई बड़े पुलिस अधिकारी दिल्ली के दौरे कर रहे हैं, ताकि CBI की जांच यहां तक न पहुंचे। उन्होंने कहा कि चाहे कितने भी संबंध तलाश लिए जाएं, राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को जेल जाना ही पड़ेगा।






