रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले विश्व शांति महायज्ञ (घी पोड़ा) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस आयोजन में महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी खास तौर पर देखने को मिल रही है, जो कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मुंबई-कोलकाता हाईवे स्थित वीआईपी चौक, 36 सिटी मॉल के पास आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान समाजसेवी महिलाओं — सीमा छत्रि, बिंदिया दीदी, अनीता बोये और संतोषी सोनी — ने अपने विचार रखते हुए कहा कि धर्म समाज को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अगर व्यक्ति को सही गुरु का मार्गदर्शन मिले, तो वह सत्य के मार्ग पर चलकर अपने संस्कार, चरित्र और व्यक्तित्व को बेहतर बना सकता है। इससे न केवल व्यक्ति का विकास होता है, बल्कि पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।
बैठक की शुरुआत “अलेख महिमा” के जयघोष के साथ हुई, जहां सभी ने विश्व शांति और जनकल्याण की कामना की। उपस्थित महिलाओं ने महायज्ञ को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से भाग लेने का संकल्प भी लिया।

यह विश्व शांति महायज्ञ 12 अप्रैल 2026, रविवार को दोपहर 2 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें धर्म सभा और भंडारे का भी आयोजन रखा गया है।
आयोजकों की ओर से शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।
इस कार्यक्रम का आयोजन अलेख महिमा सत्य सनातन धर्म विकास समिति, रायपुर द्वारा किया जा रहा है।







