रायपुर।रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल गुरुवार को एम्स रायपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं और खिलाड़ियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना।
कार्यक्रम के दौरान सांसद अग्रवाल ने युवाओं से बातचीत की और उनके सुझाव, विचार और भविष्य की उम्मीदों को जाना। उन्होंने युवाओं को देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज भारत अपनी युवा शक्ति के दम पर दुनिया में नई पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसी नीतियां बनाई जा रही हैं, जिनमें सरकार और युवाओं के बीच सीधा संवाद हो। उन्होंने कहा कि देश के करीब 8 लाख युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंच रही है और उनके सुझावों के आधार पर खेल और विकास से जुड़ी नीतियां तैयार की जा रही हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार जताया।
खेल सिर्फ जीत-हार नहीं, जीवन का अनुशासन भी सिखाता है
अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने या हार-जीत तक सीमित नहीं है। खेल हमें अनुशासन, नेतृत्व, फिटनेस और खेल भावना सिखाता है। मैदान में नियमों और अंपायर के फैसले का सम्मान करने की आदत जीवन में भी अनुशासन बनाए रखने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि अगर खेल भावना और अनुशासन को राजनीति और सामाजिक जीवन में भी अपनाया जाए, तो भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।
सांसद खेल महोत्सव में 80 हजार लोगों की भागीदारी
छत्तीसगढ़ में खेलों को बढ़ावा देने की बात करते हुए सांसद ने हाल ही में आयोजित ट्राइबल गेम्स का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलता है।
उन्होंने बताया कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में करीब 80 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन में पारंपरिक और ग्रामीण खेलों को भी शामिल किया गया था। अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों के लिए प्रतियोगिताएं रखी गईं, ताकि समाज के हर वर्ग को खेलों से जोड़ा जा सके।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वस्थ रहने के साथ समाज को नशामुक्त बनाने में भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, खेल जगत से जुड़े लोग, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी मौजूद रहे।
अग्रवाल ने सभी अतिथियों और युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य और देश के गौरव के लिए किसी न किसी खेल से जरूर जुड़ना चाहिए।





