बृजमोहन की पहल, गडकरी की मंजूरी: रायपुर से सारंगढ़ तक बदलेगी सड़क की तस्वीर

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

नई दिल्ली/रायपुर।रायपुर और छत्तीसगढ़ की सड़क एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। करीब एक घंटे चली बैठक में उन्होंने राजधानी समेत प्रदेश की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं और यातायात से जुड़ी समस्याओं को लेकर चर्चा की।

तेलीबांधा–जोरा एलिवेटेड रोड का होगा विस्तार

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तेलीबांधा से जोरा तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को एयरपोर्ट रोड की दिशा में करीब 300 से 500 मीटर तक आगे बढ़ाने की मांग रखी। उनका कहना था कि इससे वीआईपी चौक पर बनने वाले टी-जंक्शन पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद की इस मांग को स्वीकार करते हुए अतिरिक्त विस्तार को मंजूरी देने की सहमति दी।

NH-130B अब सारंगढ़ तक

बैठक में सांसद ने रायपुर-बलौदाबाजार NH-130B को सारंगढ़ तक फोरलेन बनाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि फिलहाल रायपुर से बलौदाबाजार तक फोरलेन की DPR तैयार की जा रही है, ऐसे में बलौदाबाजार से सारंगढ़ तक के हिस्से को भी इसी परियोजना में शामिल किया जाना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने इस प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। इससे इस पूरे क्षेत्र को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

बलौदाबाजार-भाटापारा के लिए नई कनेक्टिविटी

सांसद अग्रवाल ने बलौदाबाजार-भाटापारा क्षेत्र के लिए नई राष्ट्रीय राजमार्ग कनेक्टिविटी की मांग भी रखी। उन्होंने रायपुर-बिलासपुर NH-130 और रायपुर-बलौदाबाजार NH-130B को जोड़ने वाली नई सड़क बनाने का प्रस्ताव दिया।

इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में सीमेंट संयंत्र और अन्य उद्योग हैं। नई सड़क बनने से भारी वाहनों और माल परिवहन को सीधी कनेक्टिविटी मिलने के साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी फायदा होने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री ने प्रस्ताव का परीक्षण कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया।

रायपुर-दुर्ग और औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी पर भी चर्चा

बैठक में रायपुर-दुर्ग-भिलाई मार्ग पर बढ़ते यातायात को देखते हुए प्रमुख जंक्शनों पर ग्रेड सेपरेटर, फ्लाईओवर और सर्विस रोड बनाने की जरूरत पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा रायपुर-सिमगा-बिलासपुर मार्ग को बेहतर औद्योगिक और लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी देने का मुद्दा भी उठाया गया।

सांसद ने प्रस्तावित नागपुर-गोंदिया समृद्धि एक्सप्रेसवे को गोंदिया के बिरसी एयरपोर्ट से डोंगरगढ़, खैरागढ़, कवर्धा और मुंगेली होते हुए बिलासपुर व रायपुर तक 6-लेन में विस्तार देने का सुझाव भी रखा।

औद्योगिक क्षेत्रों के लिए अलग सड़क की मांग

बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर के उरला-सिलतरा सहित प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को राष्ट्रीय राजमार्गों से सीधे जोड़ने के लिए डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल एक्सेस रोड, इंटरचेंज और फीडर रोड बनाने की मांग की। साथ ही रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक कॉरिडोर से औद्योगिक क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी पर भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से भारी वाहनों का शहर के अंदर दबाव कम होगा, परिवहन समय और लॉजिस्टिक लागत घटेगी और रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। सांसद अग्रवाल ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजधानी रायपुर के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ की सड़क और यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment