मनचाही पोस्टिंग का खेल! BJP ने दो नेताओं को 6 साल के लिए निकाला

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

बलौदाबाजार।फर्जी ट्रांसफर आदेश के जरिए सरकारी कर्मचारी का मनचाहा तबादला कराने के मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद अब भाजपा ने भी अपने दो पदाधिकारियों पर बड़ी संगठनात्मक कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश कार्यालय ने बलौदाबाजार जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल को पार्टी की सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

इस मामले में पुलिस अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें कृष्णा अवस्थी, पुनीराम पटेल, RMA करण कुमार देवांगन, रवि कुमार सेन, निजी कंप्यूटर ऑपरेटर प्रणव अवस्थी और प्रखर कश्यप शामिल हैं।

रोहांसी से मोपर ट्रांसफर का दिया था आदेश

मामला ग्राम रोहांसी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) करण कुमार देवांगन से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, करण देवांगन ने 17 अगस्त 2026 को पलारी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक कथित ट्रांसफर आदेश पेश किया था।

इस आदेश में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर, विकासखंड भाटापारा भेजे जाने की बात लिखी थी। आदेश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बलौदाबाजार-भाटापारा कार्यालय का आदेश क्रमांक और 14 अगस्त 2026 की तारीख दर्ज थी।

CMHO कार्यालय ने बताया फर्जी

जब इस आदेश की जांच कराई गई तो दस्तावेज को लेकर संदेह सामने आया। BMO कार्यालय ने CMHO कार्यालय से इसकी पुष्टि कराई। वहां से साफ किया गया कि ऐसा कोई आदेश उनके कार्यालय से जारी नहीं हुआ है।

यह भी सामने आया कि करण देवांगन राज्य संवर्ग का कर्मचारी है और उसके ट्रांसफर का अधिकार राज्य शासन के पास है। उस समय ट्रांसफर पर रोक भी लागू थी। कथित आदेश पर किए गए हस्ताक्षर भी CMHO के नहीं पाए गए।

इसके बाद CMHO कार्यालय ने BMO को मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए।

BMO की शिकायत पर दर्ज हुई FIR

CMHO के निर्देश के बाद BMO कार्यालय ने पलारी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अधिकारियों के बयान, कथित फर्जी आदेश और दूसरे दस्तावेजों की जांच के बाद FIR दर्ज की।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किया और उसे असली सरकारी आदेश बताकर कार्यालय में पेश किया।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5), 318(4), 336(3), 337, 338 और 340(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब पूरे मामले में सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा के दो पदाधिकारी

  • कृष्णा अवस्थी —भाजपा जिला महामंत्री
  • पुनीराम पटेल — भाजपा जिला उपाध्यक्ष
  • करण कुमार देवांगन — RMA
  • रवि कुमार सेन — RMA
  • प्रणव अवस्थी —निजी कंप्यूटर ऑपरेटर
  • प्रखर कश्यप —कृष्णा अवस्थी का बेटा

भाजपा ने छह साल के लिए किया निष्कासित

पुलिस कार्रवाई के बाद भाजपा प्रदेश संगठन ने भी दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की। 25 अगस्त को भाजपा प्रदेश कार्यालय से कृष्णा अवस्थी और पुनीराम पटेल के अलग-अलग निष्कासन आदेश जारी किए गए।

आदेश में कहा गया है कि दोनों की पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता से संगठन की छवि प्रभावित हो रही थी। इसे पार्टी अनुशासनहीनता माना गया है।

भाजपा की जिला इकाई की अनुशंसा और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया गया है। यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment