रायपुर।छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसके चलते प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का भी अलर्ट है।
पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 108 मिमी, बलरामपुर-रामानुजगंज में 82 मिमी, बस्तर में 81.2 मिमी और गरियाबंद में 72.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
इधर, राजधानी रायपुर में आज सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश के आसार बने हुए हैं। राजधानी में आज तेज बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।







