महासमुंद। शहर के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड प्रोडक्ट्स में तैयार किए जा रहे एनालॉग पनीर की लैब रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन ने फैक्ट्री को सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान करीब 299 किलो पनीर भी नष्ट कराया गया।
जानकारी के अनुसार, 16 अगस्त की रात राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री में जांच की थी। इस दौरान मौके से करीब तीन क्विंटल पनीर मिला। अधिकारियों ने पनीर का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा था।
लैब रिपोर्ट में पनीर के सैंपल में फैट, स्टार्च और शुगर की मात्रा पाई गई। जांच में इसे मानव सेवन के लिए असुरक्षित बताया गया।
रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा और राजस्व विभाग की टीम ने फैक्ट्री में दोबारा पहुंचकर कार्रवाई की। फैक्ट्री को सील करने के साथ करीब 299 किलो पनीर नष्ट कराया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से समझौता करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।





