रामगोपाल अग्रवाल के ठिकानों पर ED की दबिश!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

धमतरी/रायपुर/दुर्ग।छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल और उनसे जुड़े बताए जा रहे लोगों के ठिकानों पर दबिश दी। यह कार्रवाई शराब, कोयला और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, ED की टीम ने धमतरी स्थित रामगोपाल अग्रवाल के पैतृक निवास पर सुबह दबिश दी। इसके अलावा रायपुर के अनुपम नगर स्थित उनके घर पर भी जांच की कार्रवाई की सूचना है। टीम सुरक्षा बल के साथ पहुंची और घर के अंदर दस्तावेजों समेत अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

इसी कार्रवाई के तहत रामगोपाल अग्रवाल के करीबी बताए जा रहे GD लॉजिस्टिक के अनूप अग्रवाल के रायपुर के रवि नगर स्थित घर पर भी ED की टीम पहुंची है। वहीं, रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े सजल जैन और विश्वास गुप्ता के दुर्ग स्थित ठिकानों पर भी जांच की कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

धमतरी में सुबह करीब दो वाहनों में ED की टीम पहुंची। बताया जा रहा है कि टीम में सुरक्षा बल समेत करीब आठ लोग शामिल हैं। अधिकारियों द्वारा घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

फिलहाल ED की ओर से इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े तथ्यों और संभावित निष्कर्षों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment