बेमेतरा।बेमेतरा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या शाला में बुधवार (19 अगस्त) को मध्यान्ह भोजन में डामर जैसी गंध आने के बाद हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत भोजन बांटना बंद कर दिया।
एहतियात के तौर पर जिन 26 बच्चों ने खाना खा लिया था, उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल सभी बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनकी जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पहले छठवीं और उसके बाद आठवीं कक्षा के बच्चों को भोजन दिया जाना था। इसी दौरान प्राचार्य को खाने से डामर जैसी गंध आने की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत बाकी कक्षाओं में भोजन वितरण रुकवा दिया और खाना खा चुके बच्चों को अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि एक रसोइया ने भी भोजन चखा था और उसे डामर जैसी गंध महसूस हुई थी। हालांकि, उसने इसकी जानकारी तुरंत स्कूल प्रबंधन को नहीं दी। बाद में बच्चों ने भी खाने में अजीब गंध की शिकायत की, जिसके बाद भोजन बांटना पूरी तरह रोक दिया गया।
मामले में यह बात सामने आई है कि रसोइया के बच्चे के पास कथित तौर पर डामर की एक गोली थी, जो खेलते समय खाने में गिर गई। हालांकि, यह वस्तु भोजन तक कैसे पहुंची और घटना की असली वजह क्या है, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





