एक मास्टर जी की दोहरी नौकरी का खुलासा: एमपी और छत्तीसगढ़ दोनों जगह शिक्षक पद पर हाजिरी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

सूरजपुर।जिले के ओड़गी विकासखंड के बिहारपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ सामाजिक विज्ञान के व्याख्याता राजेश कुमार वैश्य का बड़ा मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वे न केवल छत्तीसगढ़ में बल्कि पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के मकरोहर गांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी पदस्थ हैं। दोनों राज्यों में सरकारी नौकरी करने का यह मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश जारी किए हैं।

दोनों राज्यों से बनाए निवास प्रमाण पत्र
सूत्रों के अनुसार, राजेश कुमार वैश्य मूल रूप से मकरोहर (जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश) के निवासी हैं। लेकिन उन्होंने छत्तीसगढ़ के बिहारपुर तहसील से भी निवास प्रमाण पत्र हासिल कर लिया। इसी आधार पर वे नवंबर 2022 से बिहारपुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल में व्याख्याता पद पर पदस्थ हैं।

दोनों स्कूलों में दर्ज कराते हैं उपस्थिति
जानकारी के मुताबिक, मकरोहर हाई सेकेंडरी स्कूल का समय सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक है, जबकि बिहारपुर स्थित आत्मानंद स्कूल सुबह 8 बजे से 11:45 बजे तक संचालित होता है। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक सुबह बिहारपुर में हाजिरी लगाते हैं और फिर दोपहर को मकरोहर पहुंचकर वहां भी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। स्थानीय प्राचार्य और अन्य शिक्षक इस पर चुप्पी साधे हुए हैं।

डीईओ ने दी कार्रवाई की चेतावनी
मामला सामने आने पर जिला शिक्षा अधिकारी भारती वर्मा ने कहा कि जांच कमेटी गठित कर दी गई है। रिपोर्ट मिलते ही तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment