सिसकोल प्लांट में फिर हादसा! लोहे की प्लेट गिरने से मजदूर की मौत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भिलाई। हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिसकोल प्लांट में क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान धमधा निवासी राजेश निर्लमलकर (40) के रूप में हुई है। वह काम के लिए धमधा से भिलाई आता था।

जानकारी के मुताबिक, राजेश प्लांट में क्रेन ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहा था। इसी दौरान क्रेन से लोहे की प्लेट उठाकर ले जाई जा रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से प्लेट क्रेन से नीचे गिर गई और सीधे राजेश के ऊपर जा गिरी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि सिसकोल प्लांट में इस तरह का हादसा पहले भी हो चुका है। करीब सात महीने पहले भी क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की जान चली गई थी।

हादसे के बाद मजदूरों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सिर्फ हादसा होने के बाद जांच करना काफी नहीं है। काम के दौरान मजदूरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कंपनी की है। क्रेन, लोहे की प्लेट और सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि प्लेट क्रेन से किस वजह से गिरी और हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment