रायपुर। राजधानी रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अब पुलिस और प्रशासन के साथ आम लोग भी अपने सुझाव देंगे। इसी उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने NIT रायपुर और इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) (IEI) के सहयोग से ‘रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’ शुरू किया है। इसकी थीम ‘Our City | Our Roads | Our Ideas’ रखी गई है।
NIT रायपुर के हीरा ऑडिटोरियम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने हैकाथॉन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शहर की ट्रैफिक समस्या को सबसे अच्छे तरीके से वही लोग समझ सकते हैं, जो रोज सड़कों, चौक-चौराहों और पार्किंग की दिक्कतों से गुजरते हैं। इसलिए छात्रों, नागरिकों, इंजीनियरों, अर्बन प्लानर्स और तकनीकी विशेषज्ञों से सीधे समाधान मांगे जा रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस अपने अनुभव के आधार पर ट्रैफिक सुधार के लिए लगातार काम कर रही है, लेकिन रोजाना सड़क पर चलने वाले लोगों के पास कई ऐसे व्यावहारिक सुझाव हो सकते हैं, जो ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
हैकाथॉन में सिर्फ समस्या बताने के बजाय प्रतिभागियों से Short Term, Mid Term और Long Term Solutions देने को कहा गया है। उपयोगी सुझावों को पुलिस कमिश्नरेट के स्तर पर लागू करने की कोशिश की जाएगी। जरूरत पड़ने पर इन्हें शासन के सामने भी रखा जाएगा।
6 विषयों पर मांगे गए सुझाव
हैकाथॉन में ट्रैफिक इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण, सार्वजनिक परिवहन, पैदल यात्रियों और साइकिल ट्रैक तथा AI/IoT आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट जैसे छह विषय रखे गए हैं।
इसमें छात्र, इंजीनियर, अर्बन प्लानर, आर्किटेक्ट, स्टार्टअप, NGO और आम नागरिक हिस्सा ले सकते हैं। 17 अगस्त से 17 सितंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आइडिया जमा किए जा सकेंगे।
विशेषज्ञों की टीम छह कैटेगरी में पांच-पांच बेहतरीन आइडिया चुनेगी। इसके बाद 30 प्रतिभागियों को फाइनल प्रेजेंटेशन के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम प्रस्तुति 27 सितंबर को होगी।
डीसीपी ट्रैफिक अर्चना झा ने कहा कि यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि जनता की भागीदारी से रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने की पहल है। इसका उद्देश्य उन लोगों से समाधान लेना है, जो रोज शहर की सड़कों का इस्तेमाल करते हैं और ट्रैफिक की समस्याओं को करीब से देखते हैं।
कार्यक्रम में NIT के डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) एन.वी. रमणा राव, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. अमित तुकाराम कांबले, CET/SAIL के महाप्रबंधक और IEI छत्तीसगढ़ स्टेट सेंटर के अध्यक्ष पुनीत चौबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






