रायपुर।उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा तट के पास बने सुस्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र के असर से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
अगले 48 घंटे के दौरान कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सूरजपुर में तेज बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।
वहीं, अगले 24 घंटे में बलरामपुर, बिलासपुर, जशपुर, कोरबा, रायगढ़ और सरगुजा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति बन सकती है।
इसके अलावा प्रदेश के 12 जिलों में भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इनमें बालोद, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सूरजपुर शामिल हैं।
मौसम विभाग ने इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अचानक तेज बारिश होने से शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी जलभराव की परेशानी बढ़ सकती है।






