पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में 6 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, तारापीठ स्थित चार मंजिला होटल के ग्राउंड फ्लोर पर सुबह करीब 5 बजे आग लगी। उस समय होटल में कई लोग सो रहे थे। आग की चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। कई घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है।
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।





