अशोकधाम मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिहार के लखीसराय में सावन की तीसरी सोमवारी की सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर के बाहरी परिसर में अचानक भगदड़ मचने से 7 महिलाओं की मौत हो गई। हादसे में 12 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि भगदड़ अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रात में इसी रास्ते पर बिजली का एक पोल तार समेत गिर गया था।

सोमवार सुबह मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवरिए और श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान पोल में करंट आने की अफवाह फैल गई। अफवाह के बाद लोगों में अचानक अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालु इधर-उधर भागने लगे।

देखते ही देखते वहां भगदड़ की स्थिति बन गई और कई लोग एक-दूसरे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment