एअर इंडिया की फ्लाइट में 300 फीट का अचानक ड्रॉप और यात्रियों के घायल होने के मामले में नया और गंभीर अपडेट सामने आया है। फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान (AI2379) के पायलट-इन-कमांड का दूसरा डोप टेस्ट भी पॉजिटिव पाया गया है।
एअर इंडिया से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद तय नियमों के तहत फ्लाइट के दोनों पायलटों का साइकोएक्टिव सब्सटेंस (डोप) टेस्ट कराया गया था। शुरुआती जांच में मुख्य पायलट का सैंपल पॉजिटिव आया था। इसके बाद रिपोर्ट की पुष्टि के लिए सैंपल को दूसरी लैब में भेजा गया।
बताया जा रहा है कि दूसरी लैब की कंफर्मेटरी रिपोर्ट में भी पायलट का टेस्ट पॉजिटिव आया है। रिपोर्ट में गांजे के सेवन की बात सामने आने की जानकारी है। हालांकि, एअर इंडिया की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि उड़ान के दौरान विमान करीब 300 फीट नीचे गिरा था, जिससे 13 यात्री और 4 क्रू मेंबर घायल हुए थे। घटना के बाद डीजीसीए और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
अब पायलट की डोप टेस्ट रिपोर्ट को भी आधिकारिक जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। रिपोर्ट की पुष्टि होने के बाद पायलट के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।





