एथेनॉल के विरोध पर सांसद जनार्दन मिश्रा का करारा जवाब, बयान पर छिड़ी बहस

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रीवा।मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने का विरोध करने वालों पर तीखी टिप्पणी की। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सांसद जनार्दन मिश्रा ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का समर्थन करते हुए कहा कि देश में पेट्रोल की मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है। ऐसे में उन्होंने एथेनॉल मिश्रण को ऊर्जा जरूरतों और आत्मनिर्भरता से जोड़कर बताया।

‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’

कार्यक्रम में जब एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के विरोध का मुद्दा उठा तो सांसद मिश्रा ने तीखे अंदाज में कहा, “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?” उनका यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग उनके बयान की भाषा पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि समर्थक इसे एथेनॉल नीति के समर्थन में उनका बेबाक अंदाज बता रहे हैं।

ब्राजील का दिया उदाहरण

सांसद ने एथेनॉल के इस्तेमाल के पक्ष में ब्राजील का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि वहां बड़े स्तर पर एथेनॉल का इस्तेमाल होता है और एथेनॉल आधारित ईंधन से वाहन चलाए जा रहे हैं। इसी आधार पर उन्होंने भारत में एथेनॉल मिश्रण का विरोध करने वालों पर सवाल उठाया।

बयान पर राजनीतिक बहस तेज

जनार्दन मिश्रा के बयान के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में बहस तेज हो गई है। विरोधियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि को सार्वजनिक मंच पर भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। वहीं समर्थकों का तर्क है कि सांसद ने एथेनॉल नीति के समर्थन में अपनी बात सीधे और बेबाक तरीके से रखी है।

जनार्दन मिश्रा रीवा लोकसभा सीट से भाजपा सांसद हैं और 18वीं लोकसभा में उनका तीसरा कार्यकाल है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment