रायपुर।राजधानी रायपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के इमरजेंसी (कैजुअल्टी) वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों, उनके परिजनों व अस्पताल स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने भी तुरंत मोर्चा संभाल लिया। एहतियात के तौर पर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों को जल्दबाजी में अस्पताल के दूसरे विभागों में शिफ्ट किया गया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमरजेंसी वार्ड में लगे एसी में खराबी या उसके फटने की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।





