रायपुर। कारगिल युद्ध में अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान देने वाले छत्तीसगढ़ के वीर शहीद कौशल यादव के शहीद दिवस पर शनिवार को राजधानी रायपुर के आकाशवाणी तिराहे पर उनकी प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शहीद कौशल यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ यादव समाज या छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। उनका बलिदान हमेशा देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद कौशल यादव ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। ऐसे वीर सपूतों को देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने शहीद के माता-पिता और परिवार को नमन करते हुए कहा कि ऐसे वीर बेटे को जन्म देने वाला परिवार पूरे राष्ट्र के सम्मान का पात्र है।


उन्होंने कहा कि शहीद किसी एक परिवार, समाज या जाति के नहीं होते, बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनके बलिदान का सम्मान करना और उनकी गाथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
सांसद अग्रवाल ने रायपुर में सभी वीर सैनिकों और शहीदों की यादों को एक स्थान पर संजोने की जरूरत बताते हुए “शहीद गैलरी” बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि काली मंदिर के पास पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग की दीवार के समीप उपलब्ध स्थान पर सभी वीर शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित कर एक प्रेरणादायी शहीद गैलरी विकसित की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल कई शहीदों की प्रतिमाएं शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगी हुई हैं। अगर उन्हें एक जगह सम्मानपूर्वक स्थापित किया जाए तो यह रायपुर और छत्तीसगढ़ के बच्चों व युवाओं के लिए राष्ट्रभक्ति की जीवंत पाठशाला बन सकती है। यहां आने वाला हर व्यक्ति देश के वीरों के त्याग, साहस और पराक्रम से प्रेरणा ले सकेगा।
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सैनिकों का सम्मान करते हुए सांसद ने कहा कि आज देश का हर नागरिक सुरक्षित और शांतिपूर्ण जीवन जी पा रहा है तो उसके पीछे भारतीय सेना के जवानों का त्याग, समर्पण और अदम्य साहस है। उन्होंने युवाओं से बड़ी संख्या में भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने की अपील भी की।


उन्होंने कहा कि शहीद कौशल यादव की प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरणा-स्तंभ है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शहीद कौशल यादव के नाम पर चौक निर्माण और प्रतिमा स्थापना के लिए यादव समाज के साथ-साथ सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करेगी।

कार्यक्रम में नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, जोन अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, मुरली शर्मा, पार्षद अमर गिदवानी, भूतपूर्व सैनिक तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






