EOW रिमांड में रामगोपाल अग्रवाल से गहन पूछताछ!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रामगोपाल अग्रवाल से ईओडब्ल्यू-एसीबी की पूछताछ लगातार जारी है। इस दौरान जांच एजेंसी उनके विदेश में रहने से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। वहीं, उनके बेटे वैभव अग्रवाल का कहना है कि उनके पिता छत्तीसगढ़ से बाहर नहीं गए थे।

करीब तीन साल तक फरार रहने के बाद कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से कोयला, कस्टम मिलिंग और डीएमएफ घोटाला मामलों में पूछताछ शुरू हो गई है। जांच एजेंसी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अलग-अलग मामलों के जांच अधिकारी उनसे अलग-अलग सवाल कर रहे हैं। साथ ही फरारी के दौरान वे कहां-कहां रहे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इसी मामले में रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से भी पूछताछ की गई थी। वैभव ने जांच एजेंसी को बताया कि उनके पिता कहीं बाहर नहीं गए थे, बल्कि पूरे समय छत्तीसगढ़ में ही रहे। उनका कहना था कि रामगोपाल अग्रवाल ने ज्यादातर समय धमतरी में बिताया। हालांकि जांच एजेंसी के अधिकारी इस दावे से पूरी तरह सहमत नहीं हैं। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि एजेंसी पहले ही धमतरी स्थित उनके घर पर दबिश दे चुकी है।

जांच एजेंसी को शक है कि फरारी के दौरान रामगोपाल अग्रवाल विदेश में थे। उनके दुबई में रहने की भी चर्चा रही है। बताया जा रहा है कि कोयला, शराब, कस्टम मिलिंग और डीएमएफ घोटाला मामलों में उनकी भूमिका को लेकर जांच चल रही है। कई आरोपियों से पूछताछ के दौरान भी उनका नाम सामने आया है।

बताया गया कि 7 जुलाई को रामगोपाल अग्रवाल खुद ईओडब्ल्यू-एसीबी कार्यालय पहुंचे और सरेंडर कर दिया। इसके बाद जांच एजेंसी ने गिरफ्तारी की औपचारिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें 17 जुलाई तक ईओडब्ल्यू-एसीबी की रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान उनके वकील को भी मौजूद रहने की अनुमति दी गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment