NGT का बड़ा एक्शन! रायपुर समेत 3 बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में नो प्ले आदेश

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने जल संरक्षण से जुड़े एक मामले में देश के तीन बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में अगली सुनवाई तक किसी भी खेल गतिविधि के आयोजन पर रोक लगा दी है। इन स्टेडियमों ने केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) और NGT की तरफ से कई बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद अपना जवाब जमा नहीं किया।

NGT का यह अंतरिम आदेश इस बात को लेकर दिया गया है कि स्टेडियमों के मैदान और पिच की देखरेख में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के शोधित पानी की जगह भूजल या ताजा पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही भूजल बचाने के लिए वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) की व्यवस्था भी नहीं की गई।

इसी साल अप्रैल में NGT ने देश के छह क्रिकेट स्टेडियमों को नोटिस जारी कर पूछा था कि मैदान और पिच की देखरेख में इस्तेमाल होने वाले पानी के स्रोत की जानकारी क्यों नहीं दी गई। नोटिस पाने वाले स्टेडियमों में रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम, जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम, मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम, लखनऊ का भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम और कटक का बाराबती स्टेडियम शामिल थे।

तीन स्टेडियमों ने नहीं दिया जवाब

आवेदक की ओर से पेश वकीलों ने NGT को बताया कि बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद तीन स्टेडियमों ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया। इस पर NGT ने कहा कि देश में बढ़ते जल संकट को देखते हुए उम्मीद थी कि सभी स्टेडियम नोटिस का जवाब देंगे और जरूरी सुधार करेंगे। लेकिन NGT और CGWA के कई नोटिस के बाद भी इन तीनों स्टेडियमों ने जवाब देना जरूरी नहीं समझा।

17 अगस्त तक खेल गतिविधियों पर रोक

NGT ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए कहा कि रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम और मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में 17 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई तक किसी भी तरह की खेल गतिविधि आयोजित नहीं की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment