छत्तीसगढ़ के आरंग में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने सभी को हैरान कर दिया। चोरों ने शराब दुकान का ताला तोड़ने के बजाय पूरी टीन की छत काट दी और उसी रास्ते दुकान के भीतर घुस गए। इसके बाद बदमाश करीब 72 हजार रुपये कीमत की ‘शोले मसाला’ ब्रांड की शराब की 15 पेटियां लेकर फरार हो गए।
यह घटना आरंग थाना क्षेत्र के लखौली स्थित देशी कंपोजिट मदिरा दुकान की है। जानकारी के अनुसार 6 जुलाई की देर रात अज्ञात चोर दुकान की टीन की छत काटकर अंदर दाखिल हुए और शराब की पेटियां चोरी कर ले गए। अगली सुबह दुकान खुलने पर घटना का पता चला। सुपरवाइजर दीपक कुमार तांडी ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी और आरंग थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। चोर इतनी बड़ी मात्रा में शराब लेकर फरार हो गए, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है।
इस घटना ने जनवरी 2026 में कोरबा में हुई चर्चित चोरी की भी याद ताजा कर दी। उस मामले में चोरों ने लगभग 40 वर्ष पुराने करीब 10 टन वजनी लोहे के पुल को गैस कटर से काटकर कबाड़ में बेच दिया था। उस घटना में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब आरंग की यह अनोखी चोरी भी प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गई है।







