महासमुंद।किसानों को अच्छी गुणवत्ता और तय मानकों के मुताबिक खाद मिले, इसके लिए कृषि विभाग लगातार उर्वरक दुकानों की जांच कर रहा है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज से ओडिशा प्रिंट वाली PROM खाद की 11 बोरियां (करीब 550 किलो) जब्त की गई हैं।
कृषि विभाग की टीम ने महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के ग्राम घोयनाबाहरा स्थित वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज में अचानक जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकान में सालेपाली, पाइकमाल, जिला बरगढ़ (ओडिशा) प्रिंट वाली खाद की 11 बोरियां मिलीं। नियमों के तहत इन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि किसानों के हितों की सुरक्षा और सही गुणवत्ता वाली खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने साफ कहा कि खाद के भंडारण या बिक्री में किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग ने यह भी बताया कि प्रदेशभर में जांच और कार्रवाई का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





