76 करोड़ GST घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

राजनांदगांव।राज्य कर विभाग (स्टेट GST) ने फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव के मैसर्स आदेश्वर ट्रेड लिंक के संचालक आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार किया है। विभाग की जांच में करीब 76 करोड़ रुपये के फर्जी कारोबार का मामला सामने आया है।

जांच के मुताबिक, बीते लगभग छह महीने में फर्म ने करीब 76 करोड़ रुपये का कारोबार सिर्फ कागजों में दिखाया। GST रिटर्न और अन्य दस्तावेजों की जांच में करीब 8.22 करोड़ रुपये की संदिग्ध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का इस्तेमाल सामने आया, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि फर्म ने पश्चिम बंगाल की कुछ संदिग्ध कंपनियों से बिना वास्तविक माल खरीदे आयरन और स्टील के करोड़ों रुपये के बिल हासिल किए। इन्हीं फर्जी बिलों के आधार पर ITC का लाभ लिया गया और आगे दूसरे कारोबारियों को भी इसका फायदा पहुंचाया गया। जांच में जिन सप्लायर फर्मों के नाम सामने आए, उनके GST पंजीयन पहले ही रद्द किए जा चुके थे और उनके वास्तविक कारोबार के कोई ठोस प्रमाण भी नहीं मिले।

विभाग का कहना है कि पूरा मामला केवल पेपर ट्रेडिंग (कागजी बिलिंग) और बोगस ITC नेटवर्क का हिस्सा लगता है। जांच में यह भी सामने आया कि कई फर्में सिर्फ फर्जी बिल जारी करने और अवैध ITC उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही थीं। उपलब्ध तथ्यों से यह भी संकेत मिला है कि माल का वास्तविक परिवहन नहीं हुआ और सिर्फ कागजी लेन-देन के जरिए टैक्स लाभ लिया गया।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद राज्य कर विभाग ने आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच अभी जारी है। शुरुआती जांच में कई अन्य लोगों और फर्मों के भी इस नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। विभाग बैंक खातों, ई-वे बिल, परिवहन दस्तावेजों और संबंधित व्यापारिक इकाइयों की भूमिका की गहराई से जांच कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि आगे की जांच में इस फर्जी बिलिंग नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment