39 सेकंड में दो भूकंप से तबाह वेनेजुएला, 10 हजार लोगों की मौत की आशंका

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

वेनेजुएला में बुधवार शाम एक के बाद एक दो तेज भूकंप के झटकों ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। पहला झटका करीब 7.1 से 7.2 तीव्रता का था और उसके कुछ ही सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और ज्यादा शक्तिशाली भूकंप आया। कुल मिलाकर सिर्फ 39 सेकंड के अंदर आए इन झटकों ने भारी तबाही मचा दी।

अमेरिकी भू-वैज्ञानिक संस्था USGS के मुताबिक, नुकसान बहुत बड़े स्तर पर हो सकता है और शुरुआती अनुमान में हजारों लोगों की मौत की आशंका जताई गई है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर सही आंकड़े सामने नहीं आए हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई ऊंची इमारतें गिरती हुई दिखाई दे रही हैं। चारों तरफ धूल का गुबार फैल गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों और इमारतों से बाहर भागते नजर आए। कई लोग अपने बच्चों और पालतू जानवरों को लेकर सुरक्षित जगहों की ओर दौड़ते दिखे।

राजधानी काराकास और आसपास के कई इलाकों में सड़कें मलबे से भर गई हैं। पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत टीमें लगातार मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटी हुई हैं।

भूकंप का असर सिर्फ वेनेजुएला तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पड़ोसी देश कोलंबिया की राजधानी बोगोटा तक झटके महसूस किए गए। कई जगहों पर बिजली और इंटरनेट सेवाएं भी बाधित हो गई हैं।

कुछ समय के लिए सुनामी अलर्ट भी जारी किया गया था, जिसे बाद में हटा लिया गया। अभी भी राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और लोगों को खुले स्थानों में रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि आफ्टरशॉक्स का खतरा बना हुआ है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment