कतर के रास लाफान LNG गैस प्लांट में हुए भीषण धमाके में 12 भारतीयों की मौत हो गई है। इस हादसे में कुल 13 लोगों की जान गई है।
भारतीय दूतावास ने 12 भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि की है और बताया है कि हादसे में घायल सभी लोगों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है।
कतर के ऊर्जा मंत्री और कतर एनर्जी के सीईओ साद अल-काबी ने इससे पहले जानकारी दी थी कि मरने वालों में भारतीय और पाकिस्तानी दोनों नागरिक शामिल हैं।
दूतावास ने कहा है कि वह कतर के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है ताकि प्रभावित भारतीयों की हर संभव मदद की जा सके। साथ ही शवों को जल्द से जल्द भारत भेजने की प्रक्रिया भी तेज करने की कोशिश की जा रही है।
इस घटना पर भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए इस हादसे में भारतीयों समेत कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर बेहद दुखद है।
उन्होंने आगे कहा कि जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आ रही है, भारतीय दूतावास लगातार कतर प्रशासन से संपर्क में है और पीड़ित परिवारों तक मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत सरकार इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।







