राहुल गांधी के दौरे से पहले सियासी संग्राम, विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा— दिल्ली से जोकर आ रहा, कांग्रेस का पलटवार

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर/अभनपुर। अभनपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर जारी है। संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त नए जिलाध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा, संगठन संचालन और मिशन 2028 की तैयारियों से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। वे करीब चार घंटे तक पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे और आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे।

राहुल गांधी के दौरे से पहले ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत है, लेकिन यही राहुल गांधी हैं जिन्होंने कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आखिर क्या सिखाने आ रहे हैं। क्या वे भ्रष्टाचार की राजनीति की ट्रेनिंग देंगे या फिर “आलू से सोना निकालने” जैसे बयान देना सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब इस तरह की राजनीति और बयानों को अच्छी तरह समझ चुकी है।

पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि “दिल्ली से जोकर आ रहा है और अगले 10 दिनों तक छत्तीसगढ़ में मनोरंजन चलेगा।”

भाजपा विधायक के इस बयान पर कांग्रेस ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी।

कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि पुरंदर मिश्रा का बयान गैरजिम्मेदाराना है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक मानसिक रूप से परेशान नजर आते हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है। अगर भाजपा उनका इलाज नहीं करा पा रही है तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है।

विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि पुरंदर मिश्रा केवल सुर्खियां बटोरने और अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने उन्हें “एक्सीडेंटल विधायक” बताते हुए कहा कि जनता ऐसे बयानों की सच्चाई और गंभीरता दोनों समझती है।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी भाजपा विधायक की टिप्पणी की निंदा की। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक नेता के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। पुरंदर मिश्रा पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं और पेशे से वकील भी हैं, इसलिए उन्हें सार्वजनिक मंच पर शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए।

दीपक बैज ने कहा कि अगर भाजपा विधायक को इलाज की जरूरत है तो कांग्रेस उनका इलाज कराने का भी इंतजाम कर देगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें रांची के मानसिक चिकित्सालय भेजा जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment