छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। राजधानी रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक पेड़ मां के नाम और पूरा जंगल बाप के नाम कर दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अडाणी समूह को लाभ पहुंचाने के लिए पर्यावरण का विनाश हो रहा है और इसका विरोध करने वालों को टारगेट किया जा रहा है।
भूपेश ने कहा कि सरकार बनते ही तमनार और हसदेव में पेड़ों की कटाई शुरू हो गई, बैलाडीला की खदानें अडाणी को सौंपी गईं और अब पावर प्लांट से लेकर तमाम संसाधनों को कॉरपोरेट घरानों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस इस लूट के खिलाफ आवाज उठाती है तो बदले में हमारे नेताओं को निशाना बनाया जाता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि चैतन्य बघेल को उस बयान के आधार पर गिरफ्तार किया गया जो पप्पू बंसल ने ED और EOW के सामने दिया था। न कोई नोटिस मिला, न कोई समन – सीधे गिरफ्तारी कर ली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई अडाणी समूह के खिलाफ आवाज उठाने का परिणाम है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को डराने की कोशिश की जा रही है, ताकि कार्यकर्ताओं के मन में भय बैठ जाए, लेकिन कांग्रेस न पहले डरी है और न अब डरेगी।
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे, अमरजीत भगत सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहकर एकजुटता दिखाई। पार्टी ने 22 जुलाई को प्रदेशभर में चक्काजाम करने की घोषणा की है।







