स्विमिंग पूल बना चोरों का अड्डा! बिलासपुर के NEI मैदान में लगातार मोबाइल चोरी से हड़कंप

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बिलासपुर के नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट (NEI) मैदान स्थित स्विमिंग पूल में लगातार सामने आ रही मोबाइल चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामले में दो से तीन लोगों के मोबाइल फोन चोरी होने के बाद खिलाड़ियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

शहर के चर्चित स्विमिंग पूल में तैराकी सीखने और अभ्यास करने पहुंचने वाले लोग अब अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पीड़ितों के मुताबिक, परिसर में पर्याप्त सुरक्षा गार्डों की तैनाती नहीं है और न ही सामान सुरक्षित रखने के लिए भरोसेमंद लॉकर की व्यवस्था उपलब्ध है। इसका फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

स्थानीय खिलाड़ियों और अभिभावकों का कहना है कि स्विमिंग पूल प्रबंधन शुल्क वसूलने में तो सक्रिय है, लेकिन सुरक्षा और सुविधाओं के मामले में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उनका आरोप है कि लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी उदासीन बने हुए हैं।

मामले को लेकर रेलवे कर्मचारी यूनियन के नेता गोपी ने भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यदि परिसर में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं तो इसकी नैतिक जिम्मेदारी एनईआई प्रशासन और स्विमिंग पूल प्रबंधन की बनती है। उन्होंने तत्काल पर्याप्त सुरक्षा गार्डों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और सुरक्षित लॉकर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस पूरे मामले में जब स्विमिंग पूल प्रबंधन और संबंधित कमेटी के पदाधिकारियों से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो किसी ने भी आधिकारिक रूप से या कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। जिम्मेदारों की यह चुप्पी लोगों के बीच और अधिक सवाल खड़े कर रही है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और प्रबंधन की खामोशी के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब लोगों से नियमित शुल्क लिया जा रहा है, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? अब निगाहें इस बात पर हैं कि एनईआई प्रशासन और स्विमिंग पूल प्रबंधन व्यवस्था सुधारने के लिए कदम उठाता है या फिर अगली चोरी की घटना का इंतजार किया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment