जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 8 वर्षीय बच्चे ने बिरयानी सेंटर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिंगोला बांधा तालाब के पास स्थित एक बिरयानी सेंटर के बाहर एक मोटरसाइकिल खड़ी थी। वायरल सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक बच्चा बाइक के पास पहुंचता है। कुछ देर बाद वह मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालकर उसी पर छिड़क देता है और आग लगा देता है। देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर जाती है।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर हैरानी जताई।

शुरुआत में लोगों को आशंका थी कि यह किसी शातिर बदमाश की करतूत हो सकती है, लेकिन पुलिस जांच में मामला कुछ अलग निकला। डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आग लगाने वाले बच्चे की पहचान कर ली गई है।
जांच में पता चला कि बच्चा महज 8 साल का है और मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है। पुलिस ने उसके परिजनों को थाने बुलाकर समझाइश दी है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी पूरी कर ली गई है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा बनी हुई है।





