छत्तीसगढ़ के तेजतर्रार IPS पी. सुंदरराज को NIA में बड़ी जिम्मेदारी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्र की मंजूरी के बाद उनकी नियुक्ति राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) के पद पर की गई है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की जांच करने वाली देश की सबसे महत्वपूर्ण एजेंसियों में से एक में हुई है।

पी. सुंदरराज लंबे समय तक बस्तर क्षेत्र में आईजी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में उन्होंने कई बड़े सुरक्षा अभियानों का नेतृत्व किया और नक्सल विरोधी अभियान को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए उनकी काफी सराहना हुई।

पी. सुंदरराज ने वर्ष 2003 में सिविल सेवा परीक्षा पास कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) जॉइन की थी। उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला और उनका अधिकांश कार्यकाल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बीता। कठिन परिस्थितियों में काम करने की उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें एक अनुभवी पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान दिलाई।

एनआईए में आईजी के पद पर उनकी नियुक्ति को छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उनके लंबे अनुभव का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद और अन्य गंभीर मामलों की जांच में मिलेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment