ढोंगी की हैवानियत: झाड़फूंक के नाम पर युवती से किया रेप

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में झाड़फूंक के नाम पर लोगों को बहकाने वाले एक ढोंगी बाबा की शर्मनाक करतूत सामने आई है। आरोपी ने 24 वर्षीय युवती को अच्छे रिश्ते और नौकरी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, 14 जून की सुबह एक व्यक्ति कॉलोनी में पहुंचा और खुद को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला बताने लगा। उसने दावा किया कि वह झाड़फूंक और तंत्र-मंत्र के जरिए लोगों की परेशानियां दूर करता है।

आरोपी ने युवती से कहा कि झाड़फूंक कराने से उसकी नौकरी लग जाएगी और अच्छा रिश्ता भी आएगा। इसके बाद उसने युवती को नहाकर आने को कहा और पूजा-पाठ तथा झाड़फूंक की प्रक्रिया शुरू कर दी।

युवती के अनुसार, आरोपी ने उसकी मां को एक मुट्ठी चावल देकर हनुमान मंदिर भेज दिया और 151 चावल के दाने चढ़ाने को कहा। वहीं उसकी बहन को भी किसी बहाने कमरे से बाहर कर दिया। घर में अकेली होने का फायदा उठाकर आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और वहां से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। बस स्टैंड, कॉलोनियों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के दौरान पुलिस ने सुभाषनगर क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।

पूछताछ में उसकी पहचान अमित कुमार गोस्वामी (29) निवासी ग्राम सेमरा, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के पास से एक झोला भी बरामद हुआ, जिसमें विभिन्न प्रकार के पाउडर और झाड़फूंक में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने रिश्तेदार के घर ठहरा हुआ था और झाड़फूंक के नाम पर लोगों से पैसे वसूलने का काम करता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment