कसडोल में रहस्यमयी मौतों से हड़कंप: 8 लोगों की मौत के बाद कब्र से निकाला गया शव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

कसडोल।ग्राम पंचायत खर्वे गांव में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 8 लोगों की मौत के मामले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने जांच तेज कर दी है।

शनिवार को एसडीएम के आदेश पर पुलिस टीम ने गांव के कब्रिस्तान से एक शव को बाहर निकाला। यह कार्रवाई कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई। शव को पोस्टमार्टम और विसरा जांच के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार भेजा गया है।

शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत, फिर मौत का दावा

थाना प्रभारी प्रवीण मिंज के मुताबिक, गांव के लोगों ने लिखित शिकायत दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का ही एक व्यक्ति रामसाय जयसवाल अवैध रूप से नशीली और जहरीली शराब बेचता है। लोगों का कहना है कि शराब पीने के कुछ घंटों बाद ही लोगों की तबीयत खराब हो जाती है और फिर मौत हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार फरवरी से अब तक गांव में 8 लोगों की मौत हो चुकी है।

थाने का घेराव, जांच की मांग तेज

मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और पीड़ित परिवार के लोग कसडोल थाने पहुंचे थे। उन्होंने थाने का घेराव कर निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस का कहना है कि मृतक महेतरू साहू (41) का शव 14 मई को हुई मौत के बाद दफनाया गया था, जिसे अब जांच के लिए निकाला गया है। पुलिस ने बताया कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण साफ होंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment