जिले के भेड़िया नवागांव, बोड़की और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे आए तेज आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं और गर्जना के साथ आए तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगहों पर पेड़ उखड़कर गिर गए, जबकि मकानों के छप्पर और टीन शेड हवा में उड़ गए।

सबसे बड़ी घटना भेड़िया नवागांव में सामने आई, जहां करीब 150 फीट ऊंचा बीएसएनएल टावर तेज हवाओं की चपेट में आकर धराशायी हो गया। टावर गिरने से क्षेत्र में दूरसंचार सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आंधी-तूफान के दौरान ग्राम बोड़की और भेड़िया नवागांव के बीच स्थित खार मुख्य मार्ग पर चार बड़े पेड़ गिर गए, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में ग्रामीणों ने स्वयं पहल करते हुए पेड़ों को हटाया और मार्ग को फिर से चालू कराया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर प्रभावित लोगों को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने की तैयारी कर रहा है।





