केरल में फिर लौटा निपाह वायरस का खतरा, कोझिकोड में 43 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

केरल में निपाह वायरस ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। कोझिकोड जिले में 43 वर्षीय एक व्यक्ति में निपाह वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जांच में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और बड़े पैमाने पर कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, संक्रमित व्यक्ति इलाज के लिए कोझिकोड के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) पहुंचा था। जांच के दौरान उसके नमूनों में निपाह वायरस संक्रमण के संकेत मिले। हालांकि, अंतिम पुष्टि के लिए सैंपल राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी), पुणे भेजे गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में निपाह संक्रमण की पुष्टि हुई है। एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी निगरानी शुरू कर दी है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

गौरतलब है कि निपाह वायरस एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो मुख्य रूप से चमगादड़ों से फैलती है और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से भी संक्रमण का खतरा रहता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment