जगदलपुर। बस्तर जिले की जगदलपुर केंद्रीय जेल में पिछले 10 दिनों के भीतर तीन बंदियों की मौत होने से जेल प्रशासन की व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में आ गई हैं। लगातार हो रही मौतों ने बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सुधु कश्यप को अक्टूबर 2025 में BNS की धारा 64(1) के तहत सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी। अचानक तबीयत बिगड़ने और रक्तचाप बढ़ने के बाद उसे 6 जून को मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 7 जून को उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि इससे पहले 31 मई को केंद्रीय जेल में बंद एक विचाराधीन महिला कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वहीं 4 जून को नक्सल मामले में बंद विचाराधीन कैदी रमेश कुंजाम की बाथरूम में गिरने के बाद मौत हो गई थी।
लगातार सामने आ रही इन तीन घटनाओं के बाद जेल प्रबंधन और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। वहीं बंदियों के परिजन और आम लोग भी जेल की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता जता रहे हैं।







