छत्तीसगढ़ में 10 से 12 जून के बीच रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि इस दौरान 8 ट्रेनों को रद्द किया गया है।
गर्मी की छुट्टियों में यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों के लिए यह जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अंतर्गत रसमड़ा स्टेशन पर मालगोदाम लाइन के काम के चलते मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है।
इस काम में विशेष नॉन-इंटरलॉकिंग और प्री नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसी वजह से 10 से 12 जून तक कई मेमू और डेमू ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। रेलवे के अनुसार इस दौरान 8 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि 2 पैसेंजर ट्रेनें अपने निर्धारित स्टेशन से पहले ही समाप्त कर दी जाएंगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मुख्य नॉन-इंटरलॉकिंग का काम करीब 15 घंटे तक चलेगा। यह कार्य 11 जून को सुबह 11:30 बजे शुरू होकर 12 जून को दोपहर 2:30 बजे तक जारी रहेगा। इस अवधि में मेगा ब्लॉक लागू रहेगा।
इस कारण रायपुर-डोंगरगढ़, डोंगरगढ़-रायपुर, डोंगरगढ़-गोंदिया, गोंदिया-डोंगरगढ़, गोंदिया-इतवारी, इतवारी-गोंदिया, इतवारी-बालाघाट और बालाघाट-इतवारी रूट की मेमू और डेमू ट्रेन सेवाएं प्रभावित होंगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 68705 रायपुर-डोंगरगढ़ पैसेंजर 10 और 11 जून को दुर्ग स्टेशन पर ही समाप्त कर दी जाएगी। वहीं, ट्रेन नंबर 68706 डोंगरगढ़-बिलासपुर ट्रेन दुर्ग स्टेशन से ही शुरू होगी।




