अंबिकापुर। सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो से जुड़े विवाद के बाद राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक को उनके पद से हटा दिया गया है। कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा जारी आदेश के मुताबिक तुषार मानिक को फिलहाल कलेक्टर कार्यालय अंबिकापुर से अटैच किया गया है। वहीं राजापुर उप तहसील का अतिरिक्त प्रभार मैनपाट तहसीलदार उमेश बाज को सौंपा गया है।
गौरतलब है कि 27 मई को तुषार मानिक ने आरोप लगाया था कि विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने उन्हें राजापुर उप तहसील कार्यालय बुलाकर मारपीट की। शिकायत के आधार पर विधायक और अन्य लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया था।
वहीं दूसरी तरफ विधायक पक्ष ने भी नायब तहसीलदार पर विधायक की बहन के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इस घटना के विरोध में प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार आंदोलन पर उतर आए थे। अधिकारियों ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हड़ताल शुरू कर दी थी। हालांकि विधायक समर्थक दो आरोपितों के थाने में सरेंडर करने के बाद आंदोलन को स्थगित कर दिया गया था।
अब तुषार मानिक को राजापुर से हटाए जाने के बाद प्रशासनिक हलकों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में सीतापुर एसडीएम स्तर पर भी प्रशासनिक फेरबदल हो सकता है, जिसकी चर्चा सरकारी महकमे में जोरों पर है।





