स्टील प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट, इलाके में मचा हड़कंप

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में स्थित मिवान (मोनेट) स्टील प्लांट में मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 5 बजे प्लांट का बॉयलर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के गांवों तक सुनाई दी, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के बाद प्लांट परिसर में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। पुलिस बल के साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।

फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है, जो राहत की बात है। वहीं, बॉयलर में विस्फोट किन कारणों से हुआ, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment