देश में मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बनी अनिश्चितता का असर अब एलपीजी बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। फ्यूल और गैस सप्लाई को लेकर चिंताओं के बीच कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है।
पिछले छह महीनों में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम सातवीं बार बढ़ाए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार इस दौरान सिलेंडर की कीमत में करीब 1,533 रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है, जिसे हाल के वर्षों की सबसे तेज बढ़ोतरी माना जा रहा है।
दिल्ली और कोलकाता में बढ़े दाम
जून महीने की शुरुआत के साथ ही दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद इसकी नई कीमत 3,113.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है।
वहीं कोलकाता में भी 53.50 रुपये का इजाफा हुआ है, जिसके बाद कमर्शियल सिलेंडर 3,255.50 रुपये में मिल रहा है।
घरेलू गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत
कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने के बावजूद घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली हुई है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 913 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये में उपलब्ध है। घरेलू गैस के दामों में आखिरी बदलाव 7 मार्च को हुआ था, जब 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
5 किलो वाला छोटू सिलेंडर भी महंगा
छोटे उपभोक्ताओं के लिए इस्तेमाल होने वाला 5 किलो का फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर भी महंगाई की चपेट में आ गया है। इसकी कीमत में 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर 821.50 रुपये में मिलेगा। नई दरें 1 जून से लागू हो गई हैं।
कारोबारियों की बढ़ी चिंता
कमर्शियल गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों का सबसे ज्यादा असर होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है। गैस खर्च बढ़ने से कारोबार की लागत भी बढ़ रही है। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को अभी राहत मिली हुई है, लेकिन कमर्शियल गैस की बढ़ती कीमतें बाजार पर दबाव बढ़ा सकती हैं।







