रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को प्रदेश के सभी संभागीय आयुक्तों, आईजी, कलेक्टरों और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक अहम समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई की स्थिति का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए लोगों को अफवाहों से दूर रहना चाहिए और घबराने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हाल में हालात का फायदा उठाकर कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ काम करने को कहा गया है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, डीजीपी अरुण देव गौतम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही Indian Oil Corporation Limited, Bharat Petroleum Corporation Limited और Hindustan Petroleum Corporation Limited के पेट्रोल-डीजल और गैस डिवीजन के अधिकारी भी जुड़े।
सरकार ने एक बार फिर भरोसा दिलाया है कि सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारु है और किसी भी तरह की कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिशों को सख्ती से रोका जाएगा।







